अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:आश्रम फ्लाईओवर से गुजरने वाले वाहन चालकों को अब जाम का सामना नहीं करना पड़ेगा। सीएम अरविंद केजरीवाल ने आज आश्रम फ्लाईओवर के डीएनडी तक विस्तार का लोकार्पण कर दिल्ली- एनसीआर के लोगों को होली का तोहफा दिया। इसके खुलने से आईटीओ, नोएडा और गाजियाबाद से लाजपत नगर जाने वाले लोगों को अब आश्रम फ्लाईओवर पर जाम से नहीं जूझना पड़ेगा। फ्लाईओवर विस्तार के उद्घाटन अवसर पर दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आश्रम फ्लाईओवर के खुलने से नोएडा से एम्स तक सिग्नल फ्री सफर कर सकेंगे और लाजपत नगर से आने वाले लोग बिना रुकावट के सराय काले खां और डीएनडी जा सकेंगे। इसके निर्माण के दौरान लोगों को जो परेशानी हुई, उसके लिए मुझे खेद है।
सीएम ने कहा कि हमारी सरकार दिल्ली के सड़क और ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर को सुधारने के लिए दिन-रात मेहनत कर रही है। दिल्ली में 101 फ्लाईओवर और अंडरपास हैं। इनमें से 74 पिछले 65 साल में बने थे, जबकि हमारे कार्यकाल में 27 बने हैं। वहीं, 15 फ्लाईओवर, फ्लाईओवर के एक्सटेंशन या फ्लाईओवर की डबलिंग के प्रोजेक्ट पर काम चल रहा है।आश्रम फ्लाईओवर के डीएनडी तक विस्तार के लोकार्पण के दौरान पीडब्ल्यूडी मंत्री कैलाश गहलोत, कालकाजी से विधायक आतिशी, जंगपुरा से विधायक प्रवीण कुमार और ओखला से विधायक अमानतुल्लाह खान के अलावा लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारी समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इस अवसर पर सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज आश्रम फ्लाईओवर को जनता के लिए खोला जा रहा है। आश्रम से डीएनडी तक का यह एक्सटेंशन है।
अभी सुबह और शाम को ऑफिस ऑवर्स के दौरान घंटों तक लंबे-लंबे जाम लगते थे। लेकिन अब इसके खुल जाने से लोगों को जाम से निजात मिलेगी और तीन रेड लाइट सिग्नल फ्री भी हो जाएंगे। अब नोएडा से एम्स तक बिना रेड लाइट के वाहन चालक फर्राटे से जा सकते हैं। आश्रम फ्लाईओवर खुलने पर मैं दिल्ली की जनता को बधाई देता हूं।
सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आश्रम फ्लाईओवर के निर्माण के दौरान लोगों को काफी परेशानी हुई, क्योंकि जब निर्माण कार्य चल रहा था, तो ट्रैफिक की काफी दिक्कत हो रही थी। लेकिन जब भी कोई अच्छा काम होता है, तो थोड़ी तकलीफ तो उठानी पड़ती है।
लोगों को जो तकलीफ हुई, उसका मुझे खेद है। मैं समझता हूं कि आश्रम फ्लाईओवर के खुल जाने से लाखों लोगों को फायदा होगा। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर्स ने बड़ी मेहनत की है। वे सभी बधाई के पात्र हैं। किसी को यकीन नहीं था कि फ्लाईओवर को हम 45 से 60 दिन में पूरा कर लेंगे, लेकिन पूरा करके दिखाया। अभी कुछ छोटे-मोटे काम बचे हैं। जैसे अभी हाईटेंशन तार है। इसलिए कुछ दिन तक अभी इस पर हल्के वाहन चलेंगे। जब हाईटेंशन तार हटा दिए जाएंगे, तो भारी वाहनों को भी अनुमति दे दी जाएगी। यह फ्लाईओवर 1425 मीटर लंबा है।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments