Athrav – Online News Portal
फरीदाबाद राजनीतिक राष्ट्रीय हरियाणा

जो लोग भारत को प्रेम करते हैं, वो सब एकजुट रहेंगे, हम एक हैं और हम एक होकर देश के लिए वोट करेंगे: नरेन्द्र मोदी


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
फरीदाबाद/पलवल:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज   मंगलवार को हरियाणा के पलवल में विशाल जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस को दलित विरोधी, आरक्षण विरोधी बताते हुए झूठ फैलाने वाली पार्टी करार दिया। साथी ही प्रधानमंत्री ने हरियाणा में फिर से भाजपा सरकार बनने का दावा किया।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हरियाणा में अभी चुनाव अभियान चल रहा है, लेकिन आज जम्मू कश्मीर में अंतिम चरण का मतदान हो रहा है। बड़ी संख्या में लोग लोकतंत्र के इस पर्व में हिस्सा ले रहे हैं। मैंने सामान्य कार्यकर्ता के रूप में लंबे समय तक हरियाणा की जमीनी राजनीति को देखा है। बीते दिनों हरियाणा के अलग क्षेत्रों में मुझे चुनाव अभियान के दौरान जनता के बीच जाने का अवसर मिला है। आज गाँव-गाँव में चारों तरफ भाजपा की लहर है, हर जगह एक ही आवाज गूंज रही हैं कि “भरोसा दिल से भाजपा फिर से”।प्रधानमंत्री ने कहा कि हरियाणा में हमेशा ही यह चलन रहा है कि केंद्र में जिसकी सरकार रहती है हरियाणा में भी उसकी ही सरकार बनती है।

हरियाणा की इस धरती ने हमें गीता का संदेश दिया है। हरियाणा ने हमें सिखाया है कि काम करो, मेहनत करो, लेकिन कांग्रेस का फॉर्मूला है कि न काम करो और न दूसरे लोगों को काम करने दो। कांग्रेस की राजनीति केवल झूठे वादों तक सिमित रहती है जबकि भाजपा की राजनीति मेहनत करना और उसे प्रमाणित करने पर केंद्रित है। कांग्रेस को लगता है कि हरियाणा की जनता उन्हें थाली में परोसकर सत्ता दे देंगी, ऐसी ही गलतफहमी कांग्रेस को मध्यप्रदेश में भी थी। वहाँ भी कांग्रेस के लोग पहले ही जीत का जश्न मनाने लग गए थे, लेकिन वोटिंग के दिन मध्यप्रदेश की जनता ने कांग्रेस को दिन में ही तारे दिखा दिए। राजस्थान में भी कांग्रेस ने किसानों और नौजवानों को भाजपा के खिलाफ भड़काने की कोशिश की थी, लेकिन वहाँ भी कांग्रेस धड़ाम हो गई और हरियाणा में भी कांग्रेस के साथ ऐसा ही हाल होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि हरियाणा के लोग कांग्रेस को सरकार से सैंकड़ों मील दूर रखने का काम करेंगे। हरियाणा में कांग्रेस के भीतर जो कलह मची है हरियाणा के लोग उससे भी भली भांति वाकिफ है। कांग्रेस से सबसे अधिक नाराजगी दलित, पिछड़े और वंचित समाज की है। दलित समाज ने ठान लिया है कि अब बापू-बेटे की राजनीति को चमकाने के लिए अब दलित मोहरा नहीं बनेंगे। दलित देख रहा कि कैसे भाजपा सबको समान अवसर दे रही है। मुख्यमंत्री नायब सैनी बहुत ही विनम्रता के साथ सबको साथ लेकर चल रहे हैं। कांग्रेस ने 70 वर्षों तक देश पर राज किया और लोगों को बिजली, पानी, सड़क, शौचालय, पक्के घर जैसी मूलभूत सुविधाओं से तरसा कर रखा। कांग्रेस के भ्रष्टाचार का हाल यह था कि एक रुपया अगर दिल्ली से निकलता था गरीब के घर तक जाते जाते 15 पैसा ही बचता था। आज देश पूछ रहा है कि वह कौनसा पंजा था जो एक रुपए को घिस घिस कर 15 पैसा बना देता था। गरीबों के हक को लूटने वाले गरीबी हटाने का नारा देते थे। कांग्रेस ने देश के लिए जरूरी हर विषय को उलझाए रखा। कांग्रेस ने अयोध्या में राम मंदिर नहीं बनने दिया, जम्मू कश्मीर में बाबा साहब अंबेडकर का संविधान पूरी तरह से लागू नहीं होने दिया, महिलाओं को संसद में आरक्षण से वंचित रखा, मुस्लिम बहनों को तीन तलाक जैसी कुप्रथा में उलझाए रखा। कांग्रेस ने कभी देश और देशवासियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया बल्कि अपने बेटे, बेटी और अपने परिवार को स्थापित करने में ही अपनी पूरी शक्ति लगा दी। कांग्रेस जवाब दे कि इतने पाप करने के बावजूद भी सरकार बनाने के सपने कैसे देखती है?  
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस के नेता जनता को जात-पात पर लड़ाई करवा कर देशभक्ति को ही चूर चूर करना चाहती है। कांग्रेस को लगता है कि देश के लोगों में एकता की भावना जितनी मजबूत होगी कांग्रेस का जीतना उतना ही मुश्किल होगा और इसलिए कांग्रेस देशभक्तों की एकता तोड़ने के लिए नये नये प्रयास कर रही है। लोकसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस ने यही प्रयोग किए थे और अब यहां हरियाणा में भी कांग्रेस उसका विस्तार कर रही है। कांग्रेस को यह लगता है कि उसका अपना वोटबैंक तो पक्का है,कांग्रेस सोचती है कि बटेंगे, लड़ेंगे वो लोग जो भारत से प्रेम करते हैं लेकिन भाजपा  कांग्रेस की साजिश और सोच को कभी भी सफल नहीं होने देगी। इसलिए आज पूरे हरियाणा को संकल्प लेना है कि जो लोग भारत से प्रेम करते हैं वे सभी एकजूट रहेंगे। हम एक है और हम एक होकर देश के विकास के लिए वोट करेंगे। हम एकजूट होकर अपने बच्चों के भविष्य के लिए वोट करेंगे, बेटियों की सुरक्षा के लिए वोट करेंगे, एकजूट होकर बिना खर्ची बिना पर्ची के नौकरी पाने के लिए वोट करेंगे, एकजूट होकर हरियाणा में नए निवेश और नई नौकरियों के लिए वोट करेंगे, अच्छी सड़कों, बेहतर सिंचाई के लिए वोट करेंगे। सभी भाजपा को वोट करेंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रैली में उमड़ी भीड़ से कहा कि कांग्रेस के लोग गालियां दे रहे हैं।‌ मोदी ने कहा कि कांग्रेस के लोग मुझे और नायब सैनी को इसलिए गाली दे रहे हैं क्योंकि हम दोनों अति पिछड़ी जाति की माताओं के बेटे हैं।  
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सिर्फ वोट के लिए तुष्टीकरण के एजेंडे पर ही काम करती है। कांग्रेस का कहना है कि वे दलितों और पिछड़ों का आरक्षण खत्म कर देंगे और कर्नाटक में कांग्रेस ने ऐसा ही किया है। कांग्रेस ने धर्म के आधार पर दलितों का आरक्षण अपने वोट बैंक में बाँट दिया। कांग्रेस ने अनेकों स्कूल, कॉलेज को माईनोरिटी संस्थान घोषित कर दिया। इसका परिणाम यह हुआ कि दलितों और पिछड़ों के बच्चों को जो दाखिला मिलता था वह बंद हो गया, नौकरियों में आरक्षण बंद हो गया, और कांग्रेस ऐसा ही काम हरियाणा में भी करना चाहती है। कांग्रेस देश की सबसे बड़ी दलित विरोधी पार्टी है। कांग्रेस ने 2 बार बाबा साहब को चुनाव हरवाया क्योंकि कांग्रेस डरती थी कि वे संसद में बाबा साहब के सवालों का जवाब नहीं सकते हैं। कांग्रेस ने संसद के सेंट्रल हाल में बाबा साहब की तस्वीर तक नहीं लगने दी। दलित हिंसा की सबसे ज्यादा घटनाएँ कांग्रेस के राज में ही हुई हैं और अब इनका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। कांग्रेस के एक नेता जिन्होंने मिर्चपुर कांड के समय भी दलितों के साथ बदनीयत दिखाई थी उनके ऑफिस में कांग्रेस कार्यकर्ता डंके की चोट पर कह रहे हैं कि एक दिन तो आरक्षण खत्म होकर ही रहेगा। कांग्रेस ने आरक्षण खत्म करने का प्लान बना लिया है और हरियाणा उनके लिए टेस्ट स्टेट होने वाला है लेकिन जब तक मोदी है और जब तक भाजपा है एससी, एसटी और ओबीसी समाज के आरक्षण को कोई भी खत्म नहीं कर सकता है। आज की कांग्रेस अर्बन नक्सलियों के शिकंजे में है, दुनिया में जो भारत को बदनाम करने में जुटे हैं, जो दुश्मनों के अजेंडे को आगे बढ़ाते हैं कांग्रेस के नेता उन्हें खुलेआम गले से लगाते हैं। यह अर्बन नक्सली गठजोड़ कभी भी भारत को  मजबूत होते नहीं देख सकता है, इसलिए यह लोग हमारी सेना पर भी हमला करते हैं लेकिन कांग्रेस का शाही परिवार दुश्मनों की तारीफ करता है।  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस धारा 370 वापस लाना चाहती है लेकिन कभी यह नहीं कहती कि हम पाक अधिकृत कश्मीर को वापस भारत का हिस्सा बनाएंगे। कांग्रेस ने देश का मुकुट तोड़ दिया, कश्मीर के टुकड़े कर दिए और इसके लिए पाकिस्तान की सरकार कांग्रेस का भरपूर समर्थन कर रही है। जो कांग्रेस पाकिस्तान को खुश करती है वह हरियाणा को कभी खुश नहीं रख सकती है। कांग्रेस देश की सबसे बेईमान और धोखेबाज पार्टी है। कांग्रेस ने देश की रक्षा करने वाले फौजियों के साथ भी धोखा किया है। कांग्रेस ने 40 वर्षों तक वन रैंक वन पेंशन लागू नहीं होने दिया। 2013 में मैंने रेवाड़ी की धरती से वन रैंक वन पेंशन लागू करने का वादा किया था और हमने उसे पूरा भी करके दिखाया। हरियाणा में भी फौजी परिवारों को 10 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा का लाभ वन रैंक वन पेंशन के तहत मिल चुका है। मोदी के लिए फौज की प्राथमिकता सबसे बड़ी है, फौज का सम्मान सबसे बड़ा है। कांग्रेस से इसकी कोई उम्मीद नहीं की जा सकती है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि कांग्रेस की कथनी और करनी में हमेशा फर्क रहा है। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश में बहनों और नौजवानों के साथ भी धोखा किया है। हिमाचल में कांग्रेस ने सरकारी कर्मचारियों को बड़े-बड़े सपने दिखाए लेकिन आज उन्हें तनख्वाह भी समय पर नहीं मिल रही है। कांग्रेस को ठगी की लत लग गई है, कांग्रेस अब हिमाचल प्रदेश की तरह हरियाणा के लोगों के साथ भी झूठे वादे कर रही है। कांग्रेस हरियाणा में तारे तोड़कर लाकर देने की बात कर रही है लेकिन कांग्रेस शासित राज्य कर्नाटक और तेलंगाना में इनमें से एक भी वादा लागू नहीं करती है। कांग्रेस की नियत में ही खोट है। कांग्रेस हरियाणा के नौजवानों के हितों के खिलाफ है। हरियाणा में भाजपा सरकार ने करीब 1.5 लाख सरकारी नौकरियां बिना खर्ची और बिना पर्ची के दी है, हजारों कर्मचारियों को पक्का किया है , लेकिन कांग्रेस फिर से हरियाणा में खर्ची पर्ची सिस्टम लागू करना चाहती है। कांग्रेस की नस नस में भ्रष्टाचार दौड़ता है, यह दलालों और दामाद की पार्टी बन गई है। कांग्रेस राज में केवल दलाल और दामाद ही फले फूले हैं जबकि किसान को सिर्फ 2 रुपए का मुआवजा मिला। भाजपा सरकार ने हज़ारों रुपए किसान सम्मान निधि के तहत सीधे किसानों के खातों में पहुँचाने का काम किया है। कांग्रेस ने एमएसपी पर भी जनता के बीच भ्रम फैलाया है , लेकिन सच्चाई यह है कि भाजपा ने सभी 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का निर्णय लिया है जबकि कांग्रेस शासित राज्यों में 1-2 फसलें एमएसपी पर खरीदी जाती हैं। भाजपा सरकार हरियाणा के हर क्षेत्र के विकास को नई गति दे रही है। बल्लभगढ़ तक मेट्रो पहुँच चुकी है और अब पलवल भी मेट्रो से जुडने वाला है, पलवल देश का हाइवे हब बन रहा है। यह चुनाव नया इतिहास बनाने का है और हरियाणा को विकास की नई बुलंदी देने का है। दिल्ली में आपका बेटा बैठा है, आप हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाइये। हरियाणा के तेज विकास की गारंटी मोदी की गारंटी है।मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि हरियाणा के चुनावी अभियान का शंखनाद कुरुक्षेत्र से किया गया था और आज इस पावन भूमि पर हम जनता का आशीर्वाद लेने के लिए यहाँ एकत्रित हुए हैं। इस जनसभा में इतनी बड़ी संख्या में आए लोगों को देखकर पूर्ण विश्वास के साथ यह कह सकते हैं कि भारतीय जनता पार्टी हरियाणा में इतिहास रचने जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में पूरा हरियाणा एक जोश के साथ आगे बढ़ा है। आज जनता को पीएम आवास योजना के तहत पक्का घर, शौचालय, नल से साफ जल, बिजली और बीमार होने पर मुफ़्त इलाज भाजपा की सरकार मुहैया करवा रही है। भाजपा सरकर ने उस गरीब के जीवन को बदला है जिसे पिछली सरकारों ने बुरे हाल पर छोड़ दिया था। हमे पूरा विश्वास है कि आगामी 5 अक्टूबर को जनता अपना आशीर्वाद देगी और भाजपा को विजयी बनाएगी।  हरियाणा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ोली ने कहा कि जनसभा में बड़ी संख्या में मौजूद लोगों के उत्साह और उमंग को देखकर यह स्पष्ट हो गया है कि प्रदेश में तीसरी बार भारतीय जनता पार्टी काम कमल का फूल खिलने जा रहा है। हरियाणा की जनता भाजपा को तीसरी बार जीताने का मन बना चुकी है। केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  ने हरियाणा की जनता से किए सभी वादों को पूरा किया है। गरीबों को पक्के मकान दिए, मुफ़्त इलाज मुहैया करवाया, नल से साफ जल दिया, बिजली के साथ कई मूलभूत सुविधाएँ मुहैया कारवाई है। मोदी की गारंटी का मतलब गारंटी पूरी होने की गारंटी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अन्नदाता को भी आगे बढ़ाया है, महिला, युवा और गरीब सभी को आगे बढ़ाने का काम किया है। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश की बहनों को गारंटी दी थी लेकिन उसमें से एक भी वादा और गारंटी पूरी नहीं की है। कांग्रेस के नेता बाज़ीगर है, मदारी जैसे डुगडुगी बजाता है बंदर को नचाता है लोगों पैसे ले लेता है और अंत में कहता है खेल खत्म पैसे हजम। कांग्रेस के लोग मदारी हैं, ये गारंटी की डुगडुगी बजाते हैं और भोले भाले मतदाताओं को ठगते हैं और कहते हैं की चुनाव खत्म और गारंटी खत्म। हमें विश्वास है कि हरियाणा में जनता अपना आशीर्वाद रूपी वोट भाजपा को देकर मुख्यमंत्री नायब सैनी के नेतृत्व में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएगी। 

Related posts

हरियाणा में 1 मार्च से आज तक तबलीगी जमात से जो भी व्यक्ति आया है उन सभी का टैस्ट किया जाएगा: अनिल विज

Ajit Sinha

उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने आज दिल्ली नगर निगम को कर्मचारियों की सैलरी के लिए 938 करोड़ रुपए देने का एलान किया।

Ajit Sinha

पलवल पुलिस में तैनात दो पुलिस के 2 जवान हुए सेवानिवृत्त, पुलिस अधीक्षक ने स्मृति चिन्ह भेंट कर किया सम्मानित ।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x