Athrav – Online News Portal
चंडीगढ़ राजनीतिक हरियाणा

भाजपा ने किसानों, गरीबों और युवाओं के लिए उठाए बड़े कदम, कांग्रेस ने किया सिर्फ गुमराह : राजनाथ सिंह

अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़ : केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को बादली विधानसभा में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित किया। इस दौरान उनके साथ मंच पर बदली विधानसभा से भाजपा प्रत्याशी व राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, राजस्थान के विधायक महंत बालकनाथ, विधायक कुलदीप धनखड़, दिनेश शास्त्री, जिला अध्यक्ष राजपाल शर्मा, विनोद चौहान, दिनेश व आनंद सागर सहित अन्य कई कार्यकर्त्ता उपस्थित रहे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हरियाणा के बादली में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए अमर शहीद राव तुलाराम की धरती को नमन किया और प्रदेश की जनता का धन्यवाद  ज्ञापित किया।केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने भाजपा नेता ओम प्रकाश धनखड़ की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे लंबे समय से पार्टी के साथ जुड़े हैं और ईमानदारी और समर्पण के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, ओम प्रकाश धनखड़ वह नेता हैं जो कभी झूठ नहीं बोलते और जो कहते हैं, उसे पूरा करते हैं। उन्होंने ओमप्रकाश धनखड़ को एक विश्वसनीय और ईमानदार नेता के रूप में प्रस्तुत करते हुए उनकी 30-35 वर्षों की सेवा को सराहा। रक्षा मंत्री ने हरियाणा के विकास और भारतीय जनता पार्टी की सरकार की विश्वसनीयता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता को नॉन-स्टॉप विकास मिला है, और प्रदेश में मनोहर लाल और नायब सिंह सैनी ने बिना किसी भ्रष्टाचार के राज्य का नेतृत्व किया है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भाजपा की सरकार ने बिना किसी खर्ची-पर्ची के हरियाणा में नौकरियों का वितरण किया है, जो कांग्रेस सरकार के कार्यकाल से पूरी तरह भिन्न है।राजनाथ सिंह ने हरियाणा की वीर भूमि और किसानों की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि हरियाणा भारत की सीमाओं की रक्षा करने वाले सबसे बहादुर नौजवानों का घर है। हरियाणा हमेशा से देश की रक्षा और सेवा में अग्रणी रहा है। छत्रपति शिवाजी महाराज और महाराणा प्रताप ने जिस तरह से आजादी के लिए संघर्ष किया, उसी तरह भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को भी देश और प्रदेश को बचाने के लिए काम करना चाहिए। आज भारत विश्व मंच पर महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के कारण भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गई है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी नीतियों और नेतृत्व के कारण भारत वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना चुका है।रक्षा मंत्री ने कांग्रेस पार्टी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा जनता की आंखों में धूल झोंकने का काम करती है। उन्होंने कांग्रेस सरकारों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए कहा कि कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर था और लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी समय पर नहीं मिल पा रही थीं। हिमाचल प्रदेश और कर्नाटक में भी कांग्रेस ने अपने वादों को कभी पूरा नहीं किया। हिमाचल में महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने का वादा किया गया था, लेकिन वह आज तक पूरा नहीं हुआ। कर्नाटक के मुख्यमंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि लोकायुक्त तक को कांग्रेस के खिलाफ कार्रवाई करनी पड़ी। राजनाथ सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ने किसानों के लिए एमएसपी पर 24 फसलों की खरीद की व्यवस्था की है, और यूरिया खाद की बोरी जो विदेशों में 3000 रुपये में मिलती है, उसे भारत में 300 रुपये में उपलब्ध करवाया गया है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने हमेशा किसानों को गुमराह किया और झूठे वादे किए। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा की सरकार गरीबों, बुजुर्गों और किसानों के हित में काम कर रही है। भाजपा ने हर परिवार को 10 लाख रुपये का मुफ्त इलाज और हर घर को 500 रुपये में सिलेंडर देने का वादा किया है। इसके साथ ही अग्निवीर योजना के तहत सरकारी सेवाओं में युवाओं को अवसर प्रदान किए जा रहे हैं।राजनाथ सिंह ने अपने भाषण के अंत में जनता से अपील की कि वे भाजपा को तीसरी बार भारी बहुमत से जिताएं और हरियाणा में विकास की गंगा बहाने का काम जारी रखें। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार आने वाले समय में हरियाणा को और भी मजबूत बनाएगी और देश के विकास में अपना अमूल्य योगदान देगी।बादली से हरियाणा भाजपा प्रत्याशी व राष्ट्रीय सचिव एवं वरिष्ठ नेता ओमप्रकाश धनखड़ ने बादली में जन आशीर्वाद रैली को सम्बोधित व राज्य की सरदारी और मातृशक्ति को नमन करते हुए देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि वह रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी के आभारी हैं, जिनके नेतृत्व में उन्होंने वर्षों तक पार्टी के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन किया। ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि उन्हें राजनाथ सिंह जी से जो प्रेम और सम्मान मिला, उसे वह शब्दों में बयां नहीं कर सकते, लेकिन उसे महसूस कर सकते हैं। ओमप्रकाश धनखड़ ने एक घटना का जिक्र करते हुए बताया कि राजनाथ सिंह के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आ गई थी, लेकिन फिर भी रक्षा मंत्री ने सड़क मार्ग से बदली पहुंचने का फैसला किया। इस अद्वितीय समर्पण के लिए ओमप्रकाश धनखड़ ने राजनाथ सिंह का अभिनंदन किया और उपस्थित जनसमूह से तालियों के साथ उनका स्वागत करने का अनुरोध किया। ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि राजनाथ सिंह भारत के ऐसे रक्षा मंत्री हैं जिनकी बात को न केवल देश बल्कि चीन, पाकिस्तान और अमेरिका भी कान लगाकर सुनते हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय जवानों को अपने दुश्मनों से लड़ने में जो बाधाएं थीं, उन्हें राजनाथ सिंह ने हटाया है और अब भारत के दुश्मन भारत की सीमा में घुसने की हिम्मत नहीं कर सकते। कार्यक्रम के दौरान ओमप्रकश धनखड़ ने राजनाथ सिंह को भारत का सच्चा रक्षक बताया, जिन्होंने भारतीय सेना को मजबूत करने और दुश्मनों के खिलाफ लड़ने के लिए आवश्यक कदम उठाए हैं।

Related posts

फरीदाबाद शहर के विकास कार्यों के लिए 450 करोड़ रुपये की विकास योजनाओं को दी मंजूरी-सीएम

Ajit Sinha

हरियाणा पुलिस ने आज 25000 रूपए के ईनामी मोस्टवांटेड अपराधी व उसके साथी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया हैं। 

Ajit Sinha

वीडियो: सलमान खुर्शीद, दिग्विजय सिंह, कुमारी शैलजा, के. राजू और गुरदीप सप्पल ने मीडिया को संबोधित किया।

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x