अजीत सिन्हा / नई दिल्ली
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने आज बुधवार को गुजरात के बहुचाराजी (मेहसाणा) और देवभूमि द्वारका से गुजरात गौरव यात्रा का श्री गणेश किया। ज्ञात हो कि गुजरात में भारतीय जनता पार्टी पांच गौरव यात्राएं निकालने वाली हैं.जिसमें दो गौरव यात्राओं का शुभारंभ आज आदरणीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री नड्डा जी के कर-कमलों से हुआ जबकि तीन गौरव यात्राओं को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कल, गुरुवार को हरी झंडी दिखा कर रवाना करेंगे। विगत 20 वर्षों से नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात में हुए विकास और सभी क्षेत्रों में आये बदलाव की कहानी इन गौरव यात्राओं की माध्यम से जन-जन तक पहुंचाई जायेगी।
गौरव यात्रा के शुभारंभ अवसर पर बहुचाराजी में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ-साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल, केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला, केंद्रीय मंत्री राव साहब दानवे, नितिन पटेल सहित कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित थे वहीं देवभूमि द्वारका में राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सी आर पाटिल, केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं गुजरात सरकार में मंत्री जीतू वाघाणी के साथ-साथ कई वरिष्ठ भाजपा नेता उपस्थित थे।
गुजरात गौरव यात्रा 144 विधानसभाओं से होकर गुजरेगी और 5,734 किमी की दूरी तय करेगी
12 अक्टूबर से 20 अक्टूबर तक चलने वाली गौरव यात्रा गुजरात की 144 विधानसभाओं से होकर गुजरेगी और लगभग 5,734 किमी की दूरी तय करेगी। इस दौरान कम से कम 145 जन-सभाएं आयोजित होंगी। पहली गुजरात गौरव यात्रा मेहसाणा जिले के बहुचराजी से कच्छ जिले के माता नो मढ़ तक जाएगी। बहुचाराजी में विश्व प्रसिद्ध सूर्य मंदिर भी अवस्थित है। यह यात्रा 9 दिन में 9 जिलों की 33 विधानसभाओं से गुजरते हुए कुल 1,730 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी। दूसरी गौरव यात्रा द्वारका से पोरबंदर तक निकलेगी। यह 13 जिलों की 35 विधानसभाओं का भ्रमण करते हुए कुल 990 किलोमीटर की यात्रा तय करेगी।
तीसरी यात्रा अहमदाबाद जिले के संत सवैया नाथ मंदिर, जंजरका से अहमदाबाद के सोमनाथ तक जाएगी जो 14 जिलों की 31 विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए कुल 1,068 किलोमीटरका सफर तय करेगी। चौथी यात्रा 21 विधानसभा क्षेत्रों को कवर करते हुए नवसारी जिले के उनाई माता मंदिर से दक्षिण गुजरात के खेड़ा जिले स्थित फगवेल तक जाएगी और 876 किमी का सफ़र तय करेगी। पांचवीं यात्रा आदिवासी समुदाय के सम्मान एवं उनके जीवन के उत्थान के प्रति समर्पित ‘भगवान बिरसा मुंडा आदिवासी गौरव यात्रा’ उनाई माता मंदिर से अंबाजी तक निकलेगी। यह लगभग 1,070 किलोमीटर चलकर 9 जिलों की 24 विधानसभाओं से होकर गुजरेगी। यात्रा में अलग-अलग जगहों पर भारतीय जनता पार्टी के केंद्र और राज्य के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
विकसित भारत के लक्ष्य के संकल्प पथ की गंगोत्री है गुजरात
इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने कहा कि आज मुझे गुजरात में दो गौरव यात्राओं का श्री गणेश करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ है। कल आदरणीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित भाई शाह तीन गौरव यात्राओं का शुभारंभ करेंगे। उन्होंने कहा कि यह गौरव यात्रा भारतीय जनता पार्टी की यात्रा नहीं है बल्कि यह गुजरात के विकास की यात्रा है, भारत के गौरव को स्थापित करने वाली गौरव यात्रा है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में आज आत्मनिर्भर भारत का मंत्र लेकर देश जिस विकसित भारत के संकल्प पथ पर तेज गति से चल रहा है, उस संकल्प पथ की गंगोत्री गुजरात की महान धरती है। यह यात्रा भारतवर्ष को दुनिया का सिरमौर बनाने की यात्रा है। सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का मूल मंत्र ही नरेन्द्र मोदी सरकार के शासन का आधार है।
गुजरात ने देश को महात्मा गाँधी, लौह पुरुष सरदार पटेल और प्रधान सेवक नरेन्द्र मोदी जैसा रत्न दिया
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि गुजरात महान संतों, समाज सुधारकों और समाज सेवियों की धरती रही है। गुजरात पूज्य महात्मा गाँधी की धरती है जिन्होंने सत्य और अहिंसा का मार्ग बताते हुए देश की आजादी की गाथा लिखी। गुजरात लौह पुरुष सरदार पटेल की धरती है जिन्होंने पूरे देश को एकता के सूत्र में बाँधा और गुजरात हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की भी धरती है जिन्होंने आधुनिक भारत की बुनियाद रखते हुए दुनिया को आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया है। गुजरात के एक-एक व्यक्ति को गौरव यात्रा से जुड़ना है। एक प्रधान सेवक किस तरह से प्रदेश और देश की तस्वीर बदलता है और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की अलख जगाता है, उसके जीते-जागते प्रमाण हमारे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं। पहले गुजरात और अब देश की विकास यात्रा के हम सब साक्षी हैं।