Athrav – Online News Portal
खेल हरियाणा

पुलिस अकादमी मधुबन में पांच दिवसीय 72वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर का हुआ शुभारंभ


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री  मनोहर लाल ने कहा कि कुश्ती व कबड्डी प्रदेश के माट्टी के पारम्परिक खेल हैं, जिनको गांव-गांव में प्राचीन समय से खेला जाता है और ऐसे खेल हमें ऊर्जा, संस्कार व प्रेरणा देते हैं और इसी के चलते आज हरियाणा को खेलों की धरती व खेलों का हब के नाम से जाना जाता है। मुख्यमंत्री आज हरियाणा पुलिस अकादमी मधुबन के बच्छेर स्टेडियम  में आयोजित  पांच दिवसीय 72 वें अखिल भारतीय पुलिस कुश्ती क्लस्टर का शुभारंभ करने उपरांत उपस्थित पुलिस जवानों व विभिन्न प्रदेशों से आए पुलिस खिलाड़ियों को संबोधित कर रहे थे। इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों व अर्धसैनिक बलों की 36 टीमों के 2561 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। मुख्यमंत्री ने देशभर से आए पुलिस खिलाड़ियों का हरियाणा की पावन धरा पर पहुंचने पर स्वागत व अभिनन्दन  किया। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कहते हैं कि जो फिट है वो हिट है। शारीरिक व्यायाम करने के साथ-साथ जो योग पद्धति को अपनाकर या खेल खेलकर अपने आपको फिट रखता है, वहीं हिट होता है। यही प्रदर्शन खिलाड़ियों की ओर से दिखता है।

उन्होंने कहा कि जब कोई खिलाड़ी जीतता है तो उस विजय से न केवल उसे ऊर्जा मिलती है बल्कि पूरे देश की जनता को ऊर्जा मिलती है। खेलों में पुलिस का भी कम योगदान नहीं है और हरियाणा पुलिस के जवान तो धाकड़ हैं, जो प्रधानमंत्री के संदेश ‘फिट है तो हिट है’ को सही मायने में चरितार्थ कर रहे हैं। मनोहर लाल ने कहा कि कुश्ती  को दंगल कहा जाता है दंगल में एक खिलाड़ी सामने वाले खिलाड़ी की पीठ जमीन पर टिका कर चित करता है और वह विजयी होता है। पुलिस का कर्तव्य भी दंगल से कम नहीं है, जब कभी अपराधियों से मुठभेड़ होती है तो अपराधी की पीठ टिकाना ही पुलिस का लक्ष्य होता है। उन्होंने कहा कि खेल हर हरियाणवी की शान है और अपनी खेल प्रतिभा दिखाकर यहां के खिलाड़ियों ने सदैव देश व प्रदेश का मान बढ़ाया है। अभी हाल ही में चीन में चल रहे 19वें एशियन गेम्स में भी देश को अब तक मिले 71 पदकों में से 19 हरियाणा के खिलाडिय़ों ने जीते हैं। मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों को खेल, पुलिस, शिक्षा व ऊर्जा विभाग में नौकरियों में आरक्षण का विशेष प्रावधान किया है। डीएवी पुलिस पब्लिक स्कूलों में हॉकी व मुक्केबाजी की नर्सरियां खोली गई हैं, जिनमें 5 से 15 आयु वर्ग के उभरते खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जाता है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा प्रदेश विश्व का ऐसा प्रदेश है, जहां ओलम्पिक खेलों में स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी को 6 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया जाता है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने की सरकार ने निरंतर पहल की है। गांव, खण्ड, जिला व राज्य स्तरीय खेल स्टेडियमों का निर्माण किया गया है, जहां पर खिलाड़ी अभ्यास कर आगे बढ़ रहे हैं।उन्होंने कहा कि देश भर से आए सभी पुलिस खिलाड़ियों को कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर हुआ महाभारत युद्ध का स्मृति चिन्ह अर्जुन रथ स्मृति के रूप में प्रदान करने की भी घोषणा की। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने हरियाणा पुलिस की खेलों के साथ-साथ नशाखोरी, भ्रष्टाचार के  विरुद्ध  चलाए जा रहे अभियान के बारे जानकारी दी। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के जवानों ने अखिल भारतीय  पुलिस खेल प्रतियोगिता में अब तक 648 पदक जीते हैं तथा  मेजर ध्यानचंद, पदमश्री भीम अवार्ड के  56 पुरस्कार भी हरियाणा पुलिस को मिले हैं। पुलिस महानिदेशक ने बताया कि राज्य में कानून व्यवस्था बनाये रखने, सामाजिक समरसता कायम रखने तथा महिलाओं की सुरक्षा को सशक्त बनाने के लिए पुलिस सदैव तत्पर रहती है। पुलिस थानों के रिकार्ड व नागरिक सेवाओं को दुरुस्त बनाए रखने के लिए सीसीटीएनएस द्वारा 380 पुलिस थानों को जोड़ने वाला हरियाणा पुलिस देश में अग्रिम स्थान पर है। इस अवसर पर खेल आयोजन समिति के सचिव कुलविंदर सिंह, एडीजीपी आलोक मित्तल, एडीजीपी कला रामचंद्रन, आईजी करनाल  सतेंद्र कुमार गुप्ता सहित अनेक अधिकारी एवं विभिन्न प्रदेशों के खिलाड़ी मौजूद रहे। 

Related posts

महामरी अलर्ट सुरक्षित हरियाणा को 28 जून (सुबह 5 बजे) से 05 जुलाई 2021 (सुबह 5 बजे) तक बढ़ा दी गई हैं-आदेश की कॉपी पढ़े

Ajit Sinha

फरीदाबाद : बिल्डरों के शिकायतकर्ता दो महीनें रुकों, के बाद बिल्डर वापिस पैसा या फ्लैट में से एक अवश्य देगा न देने पर, बिल्डर जाएगा जेल , सीएम खटटर ।

Ajit Sinha

हरियाणा की धरा से महिलाओं के सशक्तिकरण की नई उड़ान, प्रधानमंत्री ने देशव्यापी बीमा सखी योजना का किया शुभारंभ

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x