विनीत पंसारी की रिपोर्ट
महेन्द्रगढ़: शिक्षा मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2022 तक के न्यू इंडिया बनाने के मिशन को सफल बनाने के लिए हम सबको पूरी निष्ठा व मेहनत के साथ काम करना है। जब हम कोई संकल्प मन से करेंगे तो वह जरूर सिद्ध होगा।
श्री शर्मा आज यहां सभागार में जिला परिषद की ओर से आयोजित संकल्प से सिद्धि कार्यक्रम में पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि यह सरकार हमेशा गरीब के कल्याण के लिए कृतसंकल्प है। इसी संकल्प को हमने 2022 तक पूरा करना है। महात्मा गांधी ने जब 1942 में अंग्रेजों भारत छोड़ो का आह्वान किया था तो वह 5 वर्ष में फलीभूत हुआ था। स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाईयों में इस क्षेत्र के लोगों ने अपना खून बहाया था। नसीबपुर की धरती हमारे पुरखों के बलिदान की गवाही दे रही हैं। राव तुलाराम के नेतृत्व में पूर्वजों ने बलिदान दिया था। हमें उनके बलिदान को याद रखना है। भारत छोड़ो आंदोलन को 75 वर्ष होने पर प्रधानमंत्री ने आज देश में मौजूद कुछ बुराइयों को दूर करने का संकल्प लिया है। इन्हें पांच वर्ष में दूर करेंगे। इस नए भारत के निर्माण में हम सबको एक साथ मिलकर काम करना होगा।
श्री शर्मा ने कहा कि हरियाणा सरकार ने पंचायतों को शक्तियां दी हैं ताकि वे विकास करवा सकें। हरियाणा प्रदेश का पहला राज्य है जहां पंचायती राज संस्थाओं के सभी प्रतिनिधि पढ़े-लिखे हैं। प्रदेश के इन प्रतिनिधियों की औसत उम्र केवल 33 साल है।
उन्होंने कहा कि जिले के 730 स्कूलों में आरओ का ठंडा पानी 40 दिन के अंदर-अंदर उपलब्ध कराया जाएगा। स्कूली बच्चों की हर सुविधा का ध्यान रखा जाएगा ताकि वे आगे चलकर इस देश के लिए अच्छा करने को संकल्पित हों। कार्यक्रम के अंत में शिक्षा मंत्री ने सभी को संकल्प पत्र सौंपा और शपथ दिलाई कि भारत को 2022 तक स्वच्छ, गरीबी मुक्त, भ्रष्टाचार मुक्त, आतंकवाद मुक्त, जातिवाद मुक्त बनाएंगे।
इस मौके पर नांगल चौधरी के विधायक डा. अभय सिंह यादव ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि चुने जाते हैं तब वे सभी के हो जाते हैं। किसने किसको वोट दिया यह बात भूलकर सबके लिए काम करें। उन्होंने कहा कि विकास का रास्ता दिमाग से होकर गुजरता है और दिमाग से समाधान निकलता है। सभी जनप्रतिनिधि समस्याओं को खुद महसूस करें और उन्हें दूर करने के लिए निष्ठा के साथ काम करें। जब हम खुद के प्रति ईमानदारी दिखाएंगे तो सुधार जरूर होगा। सुधार हमेशा व्यक्ति से शुरू होता है। इसलिए आज से यें संकल्प लें कि प्रधानमंत्री के न्यू इंडिया के सपने को साकार करने के लिए जी-जान से जुटेंगे।