Athrav – Online News Portal
राजनीतिक हरियाणा

मोदी-मनोहर सरकार ने बदली देश और प्रदेश की तस्वीर: नायब सैनी


अजीत सिन्हा की रिपोर्ट 
जींद/चंडीगढ़: भारतीय जनता पार्टी हरियाणा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी का शनिवार को कार्यकर्ताओं की ओर से जींद में जोरदार स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष बनने के उपरांत पहली बार अपने बीच आने पर सभी समाजों की ओर से सम्मानित कर उन्हें पगड़ी भेंट की गई। कार्यकर्ताओं और जनता द्वारा शानदार अभिनंदन से उत्साहित नायब सैनी भी यहां गरजे। उन्होंने सभी का धन्यवाद करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं के पसीने बहाने से सरकारें बनती हैं और आने वाले चुनाव में भी भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता एवं देश व प्रदेश की जनता मोदी-मनोहर सरकार को तीसरी बार भी सत्तासीन करेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार ने अपनी जनकल्याणकारी नीतियों से देश और प्रदेश की तस्वीर बदली है। सैनी ने जींद में उपस्थित जनसमूह के सामने मोदी और मनोहर सरकार की उपलब्धियां गिनवाने के साथ-साथ कांग्रेस पर भी जमकर हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस क्षेत्रवाद, परिवारवाद की राजनीति करती आई है, जबकि भाजपा की मोदी-मनोहर सरकार ने विकास के लिए काम किया है। डबल इंजन की सरकार में देश और प्रदेश की तस्वीर बदली है।

जोरदार स्वागत और अभिनंदन से अभिभूत प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि मेरे जैसे एक सामान्य से कार्यकर्ता को पार्टी ने जो जिम्मेदारी दी है उसका कार्यकर्ताओं के सहयोग से पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ निर्वहन करूंगा। जींद में आयोजित इस नागरिक अभिनंदन समारोह को सांसद रमेश कौशिक, महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, विधायक डा. कृष्ण मिड्ढा, पूर्व मंत्री बीरेंद्र सिंह व वरिष्ठ नेता जवाहर सैनी समेत तमाम वरिष्ठ नेताओं ने भी संबोधित किया और नायब सैनी को प्रदेश अध्यक्ष बनने की बधाई दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के आशीर्वाद से जो जिम्मेदारी मिली है और जींद की सरदारी ने जो पगड़ी देकर सम्मान किया है उसके लिए सभी का आभार व्यक्त करता हूं और विश्वास दिलाता हूं कि पगड़ी का मान-सम्मान उंचा करने का काम करूंगा। श्री सैनी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार में देश और प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। बीते 9 सालों में भाजपा सरकार ने ऐसे-ऐसे विकास के काम किए हैं, जिन्हें पिछली सरकार ने सोचा तक नहीं था। आज पूरा देश और प्रदेश बदला हुआ नजर आ रहा है। केंद्र और राज्य की जितनी भी कल्याणकारी योजनाएं हैं, वे गरीबों के घर द्वार तक पहुंच रही है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा एक, हरियाणवीं एक के तहत पूरे प्रदेश में समान रूप से विकास किया है। कांग्रेस पर हमला बोलते हुए प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2014 से पहले हरियाणा में क्षेत्रवाद, परिवारवाद, भाई-भतीजावाद हावी था। जींद जिला पिछड़ा हुआ था। भाजपा की मनोहर सरकार ने जींद का कायाकल्प किया है। इंफ्रास्ट्रक्चर मजबूत हुआ है। चारों तरफ हाइवे, सड़कों का जाल बिछा है। मोदी-मनोहर की सरकार ने आम लोगों के जीवन को आसान किया है।  श्री सैनी ने कहा कि हरियाणा में भाजपा की ईमानदार मनोहर सरकार ने दूर-दूर तक बैठे व्यक्ति को योजनाओं से जोड़ा है, जिसका लाभ हर पात्र व्यक्ति को मिल रहा है।  प्रदेश अध्यक्ष श्री सैनी ने कहा कि भाजपा कार्यकताओं की पार्टी है। कार्यकर्ता जब अपना पसीना बहाता है तब सरकार बनती है। ऐसे निष्ठावान कार्यकताओं के सम्मान में कोई कमी नहीं आने दूंगा।मोदी सरकार की उपलब्धियों पर बोलते हुए श्री सैनी ने कहा कि साढ़े नौ सालों में प्रधानमंत्री मोदी ने देश को शक्तिशाली बनाया है। मोदी जी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे बड़ी पांचवी अर्थव्यवस्था वाला देश बना है। 2029 तक भारत विश्व की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री मनोहर लाल को देश व प्रदेश के हर व्यक्ति की चिंता है।प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस केवल घोषणाएं करती है और उनकी घोषणाएं कागजों तक सिमटकर रहती है, कभी धरातल पर नहीं उतरती। भारतीय जनता पार्टी जो घोषणाएं करती हैं उन्हें धरातल पर भी उतारती है। भाजपा ने जो कहा उसे पूरा किया। हरियाणा में युवाओं को योग्यता के आधार पर नौकरियां मिल रही हैं। हरियाणा के इतिहास में पहली बार हुआ है कि किसी भी गरीब युवा को नौकरी के लिए राजदरबारों में चक्कर नहीं काटना पड़ रहा।नायब सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हरियाणा की सबसे अधिक चिंता रहती है। मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री बनने से पहले हरियाणा में लंबे समय तक संगठन का काम किया है। उनका लंबा समय हरियाणा में बीता है। उन्होंने कहा कि 2024 में देश और प्रदेश में फिर से मोदी-मनोहर सरकार बनने वाली है। देश और प्रदेश को आगे बढ़ाने के लिए दस की दस सीटों से कमल खिलाकर मोदी जी की झोली में डालने के काम में कार्यकर्ता अभी से जुट जाएं।

Related posts

सर्वश्रेष्ठ पुलिस प्रशिक्षण में हरियाणा पुलिस अकादमी का बजा डंका, केंद्रीय गृह मंत्री ट्रॉफी से सम्मानित किया है।

Ajit Sinha

अवैध खनन को रोकने के लिए 8 जिलों में करवाई जाएगी मैपिंग – गृह मंत्री अनिल विज

Ajit Sinha

हरियाणा सरकार ने निर्णय लिया हैं कि माह जनवरी के राशन का वितरण आगामी 6 फरवरी, 2021 तक कर दिया जाएगा

Ajit Sinha
0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments
error: Content is protected !!
0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x