अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
रोहतक: भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने रविवार को पार्टी कार्यालय मंगल कमल में विधिवत रूप से पदभार ग्रहण किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उन्हें पद ग्रहण कराया। बड़ौली के पदभार ग्रहण समारोह में कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ जय श्रीराम, भाजपा जिंदाबाद , मोदी-नायब, बडौली जिंदाबाद के नारे लगाए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का पद ग्रहण करने पर बड़ौली ने भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। बड़ौली के पदभार ग्रहण समारोह में ही कांग्रेस और जजपा के अनेक नेताओं ने भाजपा का दामन थामा। इस मौके पर मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और सरकार की उपलब्धियां गिनवाई। सैनी ने कांग्रेस को भी घेरा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन में‘‘तीन बी’’ बदली, भर्ती व भ्रष्टाचार का बोलबाला था। बिना पैसे दिए ना बदली होती थी, ना भर्ती होती और भ्रष्टाचार से लोग परेशान हो चुके थे। सैनी ने कहा कि कांग्रेस के तीन ’बी’’ भाजपा ने मुक्ति दिलाने का काम इन 10 सालों में किया है। नए प्रदेश अध्यक्ष बनने पर मुख्यमंत्री ने बड़ौली को भी बधाई दी और कार्य कर्ताओं से तीसरी बार भाजपा सरकार बनाने का आह्वान किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं ने मंगलसेन की मूर्ति पर माल्यार्पण कर पार्टी को और अधिक मजबूत करने का संकल्प लिया।मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा है कि डबल इंजन की सरकार विभिन्न योजनाओं और कार्यक्रमों को लागू करके आम आदमी के जीवन को सरल बनाने का काम कर रही है। मुख्यमंत्री रविवार को स्थानीय मंगल कमल कार्यालय में पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडौली को पदभार संभालवाने के उपरांत आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने समाज के हर वर्ग के लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाओं को धरातल पर लागू किया है। सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सपने को साकार करने में जुटी हुई है। अंत्योदय की भावना से लगातार कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने 10 वर्षों में जनकल्याण व विकास के इतने कार्य करके दिखाए हैं, जितने की पिछली सरकारों के 60 वर्षों के कार्यकाल में भी नहीं हुए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस पार्टी से हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 10 वर्षों तक शासन किया , लेकिन 24 घंटे बिजली देने का वायदा पूरा नहीं कर पाए। 24 घंटे बिजली देने का कार्य डबल इंजन की सरकार ने किया है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता कांग्रेस से यह भी सवाल पूछ रही है कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में कितनी फोर लेन सड़कें बनाई गई, जबकि दूसरी ओर भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने हरियाणा के हर एक जिले में फॉर लाइनिंग सडक़ों का निर्माण करवाया। भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने हर घर में नल के माध्यम से स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाया है, जबकि वर्ष 2014 से पहले माता व बहनों को पानी लेने के लिए दो-दो किलोमीटर तक जाना पड़ता था। उज्ज्वला योजना के तहत 12 लाख परिवारों को गैस सिलेंडर डबल इंजन की सरकार ने उपलब्ध करवाए हैं, जबकि कांग्रेस के शासनकाल में सिलेंडर लेने के लिए तीन-तीन दिनों तक लाइन में खड़ा रहना पड़ता था।मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में तीन ’’बी’’ पूरी तरह से हावी थे यानी बदली, भर्ती व भ्रष्टाचार। उन्होंने कहा कि बिना पैसे लिए दिए ना तो ट्रांसफर होती थी और ना ही किसी को सरकारी नौकरी मिलती थी। उन्होंने बताया कि मौजूदा भाजपा की सरकार ने प्रदेश में बिना पर्ची-बिना खर्चे के एक लाख 32 हजार नौकरियां प्रदान की है। हर 20 किलोमीटर के दायरे में राजकीय महाविद्यालय खोले गए हैं, ताकि बेटियां उच्च शिक्षा ग्रहण कर सके। इसी प्रकार से जिन परिवारों की वार्षिक आय एक लाख 80 हजार रुपए से कम है उन सब परिवारों की बेटियों की पढ़ाई का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन किया जाता है। उन्होंने कहा कि पात्र परिवारों को मौजूदा डबल इंजन की सरकार ने ही 100 गज के प्लाटों का न केवल कब्जा दिलवाया है बल्कि उनके कागजात भी उपलब्ध करवाए है।मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक ही आवाज बुलंद हो रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा में तीसरी बार सरकार बन रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव, बूथ-बूथ व वार्ड-वार्ड में पहुंचकर आगामी चुनाव में कमल खिलाने का कार्य करें। उन्होंने महेंद्रगढ़ में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय बी.सी. सम्मान सम्मेलन में भी भाग लेने का लोगों से आह्वान किया। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह ने कहा कि बडोली के नेतृत्व में संगठन और तेज गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि मोहनलाल बडोली साधारण कार्यकर्ता के रूप में कार्य करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पद तक पहुंचे हैं।
previous post
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments