अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
चंडीगढ़: संसद में बजट पेश किए जाने के दो दिन बाद शनिवार को गुरुग्राम में बजट पर बुद्धिजीवियों के बीच सेक्टर-44 स्थित एपेरल हाउस में एक परिचर्चा रखी गई। अमृत काल का पहला बजट विषय पर परिचर्चा में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़, प्रदेश के पूर्व वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु, राज्य सभा सांसद डीपी वत्स ने बजट पर अपने विचार रखे। परिचर्चा के दौरान उपस्थित बुद्धिजीवियों ने केंद्रीय मंत्री के सामने अनेक सवाल भी रखे, जिनका मनसुख मांडविया ने एक-एक कर जवाब दिया। इसके बाद पत्रकार वार्ता में पत्रकारों के सवालों का जवाब भी केंद्रीय मंत्री ने बेबाक तरीके से दिया। मनसुख मांडविया ने कहा कि मोदी सरकार में देश के लोगों के सपने साकार हो रहे हैं। अमृत काल का पहला बजट संपूर्ण समाज के उत्थान का बजट है। जिसमें स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार, उद्योग, आईटी, छोटे उद्योग सभी क्षेत्र में उन्नति के अवसर हैं। बजट वंचितों व बुजुर्गों के लिए कल्याणकारी है और युवाओं के लिए उन्नति के रास्ते खोलने वाला है। मांडविया ने कहा कि वर्तमान में रिसर्च और एनिमेशन देश की मांग है और मोदी सरकार के इस बजट में सबको महत्व दिया गया है।
परिचर्चा के बाद प्रेस वार्ता के दौरान स्वास्थ्य मंत्री मनसुख लाल मांडविया ने कहा कि यह बजट देश के अमृतकाल का पहला बजट है। जिसमें आगामी 25 साल का रोडमैप है। उन्होंने कहा कि यह बजट युवाओं के सशक्तिकरण, इंफ्रास्ट्रक्चर, डवलपमेंट, वंचितों के विकास, सर्वसमाज को आगे बढ़ाने और किसानों को प्रोत्साहित करने वाला सर्वसमावेशी बजट है। मांडविया ने कहा कि यह बजट पीएम मोदी की सरकार चलाने की नीति के अनुसार है। इसमें हेल्थ सेक्टर को डवलपमेंट के साथ जोड़ा गया है। देश में मेडिकल कालेजों को अपडेट किया जाएगा। उन्होंने कहा मोदी सरकार ने यूजी की सीटें 51 हजार से बढ़ाकर 99 हजार कर दी है। इतना ही नहीं मेडिकल क्षेत्र में पीजी की सीट 34 हजार से बढ़ाकर 67 हजार कर दी है जोकि 107 प्रतिशत है।
आयुष्मान भारत योजना पर बोलते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आज गरीब लोगों का निशुल्क इलाज हो रहा है। अस्पतालों में डाक्टरों की संख्या बढ़ाई जा रही है। 157 नए नर्सिंग कालेज खोलने की सरकार की योजना है ताकि देश को क्वालीफाई नर्सें उपलब्ध हों और ट्रेंड नर्सों को विदेशों में भी मौका मिल सके। इसके लिए मोदी सरकार ने अनुदान देने की घोषणा की है। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि देश के युवा हेल्थ सेक्टर में रिसर्च करते हैं, एनीमेशन करते हैं। इसको बढ़ावा देने के लिए सरकार ने योजना बनाई है। प्राइवेट सेक्टर के युवाओं को भी आईसीएमआर की लैब उपलब्ध कराई है। इससे ज्यादा से ज्यादा युवाओं के लिए रिसर्च और एनीमेशन के अवसर उपलब्ध होंगे। पीएम प्रणाम योजना का जिक्र करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार कैमिकल रसायनों के इस्तेमाल को कम करके वैकल्पिक उर्वरकों के इस्तेमाल में बढ़ोतरी करना चाहती है। इस योजना से राज्यों में केमिकल उर्वरकों के यूज में कमी आएगी और खेती को केमिकल मुक्त करने में मदद मिलेगी। इससे मिट्टी का संरक्षण भी होगा और किसानों को लंबे समय तक बड़े लाभ मिलेंगे। उन्होंने कहा कि जो राज्य केमिकल फर्टीलाइजर का उपयोग कम करके अल्टरनेट उर्वरकों का प्रयोग करेंगे उनको योजना के अनुरूप लाभ दिया जाएगा। उन्होंने किसानों को संदेश देते हुए कहा कि वे एग्रीकल्चर में तकनीकी का इस्तेमाल करें जिससे उनका काम भी तेजी से होगा और समय की बचत होगी। सिकल सेल बीमारी के बारे में बोलते हुए श्री मांडविया ने बताया कि यह बीमारी आदिवासी क्षेत्रों में काफी फैली हुई है। आने वाले 25 वर्षों तक इसका समूल नाश करने की योजना पर काम चल रहा है। यह बीमारी आनुवांशिक है जो पीढ़ी दर पीढ़ी चलती है। 200 जिलों में स्केनिंग कार्यक्रम चलाया जाएगा जिसके तहत 40 साल तक की उम्र के 7 करोड़ लोगों को शामिल किया जाएगा और उनका स्पेशल कार्ड बनाया जाएगा ताकि इस बीमारी को नई पीढ़ी में जाने से रोका जा सके। देश के इंफ्रास्क्ट्रचर को मजबूत करने के लिए बजट में 10 लाख करोड़ का प्रावधान किया गया है। इससे रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसी देश को विकसित करना है तो उसके लिए विजन से काम करना होगा। देश में इंस्टीट्यूशन और इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित होने से देश आगे बढ़ता है। दोनों दिशा में भारत आगे बढ़ रहा है। बजट में लोगों का विश्वास बढ़ा है। देश के युवा, किसान, व्यापारी, आदि सभी वर्गों की आकांक्षा के अनुरूप यह बजट है।
…बॉक्स …
भारतीय अर्थव्यवस्था सही रास्ते पर है : ओम प्रकाश धनखड़
हरियाणा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने बजट पर बोलते हुए कहा कि 2023 के इस बजट में समृद्ध एवं समावेशी भारत की सोच है। भारतीय अर्थव्यवस्था सही रास्ते पर है और चुनौतियों के इस समय के बावजूद उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ रही है, आज भारत सिर ऊंचा करके खड़ा है। धनखड़ ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का गौरव बढ़ा है और भारत को देखने का नजरिया भी बदला है। भारत ने जब दुनिया के देशों को वैक्सीन देनी शुरू की तब इजरायल के राष्ट्राध्यक्ष ने हनुमान जी की तस्वीर पर ट्वीट किया था कि हनुमान जी की तरह भारत दुनिया के लिए औषधी पहुंचाकर उनके नागरिकों की जान बचा रहा है। यह बहुत बड़े गौरव की बात है। 23 करोड़ वैक्सीन 98 देशों को पहुंचाकर दुनिया में हमारा सम्मान बढ़ा है। उन्होंने कहा कि भारत वासुदेव कुटुंबकम की केवल बात ही नहीं करता बल्कि उसके भाव को जीता है। पूरी दुनिया को परिवार मानता है। दुनिया में भी भारत की सार्थक सोच की चर्चाएं हो रही है। फार्मास्टिकल में भारत दुनिया का तीसरा देश है, जिसकी दवाएं लोगों को मानक के अनुसार उपलब्ध हो रही है। जैनरिक दवाओं में भारत लीडर है। भारत जैसा सेवा भाव दुनिया के किसी देश में नहीं है तभी हमारे प्रति विश्व का नजरिया बदला है। धनखड़ ने कहा कि अमृतकाल का पहला बजट देश का गौरव बढ़ाने वाला बजट है।
.. बॉक्स …
आर्थिक क्रांति की प्रक्रिया में मील का पत्थर साबित होगा यह बजट : कैप्टन अभिमन्यु
पूर्व वित्त मंत्री कैप्टन अभिमन्यु ने कहा कि देश के 140 करोड़ लोग देश के भाग्य विधाता हैं। देश के खजाने में अपना योगदान देते हैं। देश की सम्पूर्ण व्यवस्था को चलाए रखने के लिए जो बूंद-बूंद योगदान देते हैं, वो ही देश के मालिक हैं। जनता को अपने योगदान के स्वरूप दिए पैसे का ज्ञान होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिस दिन नागरिक तंत्र तैयार हो जाएगा उसी दिन देश का लोकतंत्र परिपक्व हो जाएगा और शासनतंत्र नागरिक तंत्र से चलने लगेगा। हमें अब एक ऐसी ही जन शक्ति का निर्माण अमृत काल में प्रारंभ करना है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों ने भारत को विश्व गुरू बनाने और महाशक्ति के रूप में दुनिया में स्थापित करने का जो सपना देखा था उसकी संकल्पना की नींव प्रथम बजट के तौर पर रखी गई है। आर्थिक क्रांति की प्रक्रिया की कड़ी में यह बजट महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगा। परिचर्चा के दौरान जिला अध्यक्ष गार्गी कक्कड़, मेयर मधु आजाद, रश्मी खेत्रपाल, प्रदेश मीडिया सह प्रमुख अरविंद सैनी, प्रवक्ता सूरजपाल अम्मू, जिला महामंत्री मनीष गाडौली, जिला मीडिया प्रमुख अजीत यादव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।