अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को हरियाणा में चुनाव प्रचार करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अग्निवीर योजना लाकर हिंदुस्तान के जवानों को मजदूरों में बदल दिया है। केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर अग्निवीर योजना रद्द की जाएगी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी बुधवार को हरियाणा के चरखी दादरी में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस के समर्थन में वोट की अपील करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि हरियाणा के युवा देश की सीमाओं की रक्षा करते हैं। अग्निवीर योजना में शहीद होने पर युवाओं को ना शहीद का दर्जा मिलेगा, ना पेंशन मिलेगी और ना कोई अन्य सुविधा मिलेगी। चार साल बाद युवा फिर बेरोजगार हो जाएंगे। अग्निवीर योजना सेना की योजना नहीं थी, यह प्रधानमंत्री कार्यालय द्वारा बनाई गई थी।
जनसभा में उमड़ी भारी भीड़ के बीच किसानों के मुद्दे उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार किसानों की जमीन की रक्षा करने और उसके सही दाम दिलाने के लिए भूमि अधिग्रहण बिल लाई थी। नरेंद्र मोदी ने अरबपतियों की मदद करने के लिए भूमि अधिग्रहण बिल को ख़त्म करने का प्रयास किया। नरेंद्र मोदी इसके बाद तीन काले कृषि कानून लाए, जिसके विरोध में हरियाणा समेत अन्य प्रदेशों के किसान सड़कों पर आ गए और नरेंद्र मोदी को पीछे हटना पड़ा। नरेंद्र मोदी खुलकर कहते हैं कि किसानों का कर्ज माफ नहीं होगा। नरेंद्र मोदी देश के चंद पूंजीपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये का कर्ज माफ कर सकते हैं तो इंडिया गठबंधन भी हिंदुस्तान के किसानों का कर्ज माफ कर सकता है। चार जून को इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। किसानों की फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने पिछले दस वर्षों में 22 लोगों को अरबपति बनाया और गरीबों के लिए कुछ नहीं किया। नरेंद्र मोदी ने गरीबों को और गरीब बनाने का काम किया।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि हरियाणा पूरे देश को रास्ता दिखाता है। कांग्रेस की सरकार में हरियाणा में जमकर विकास हुआ था। इस लोकसभा चुनाव में हरियाणा में कांग्रेस की आंधी चल रही है और प्रदेश की सभी सीटें इंडिया गठबंधन को मिलने जा रही हैं।राहुल गांधी ने कहा कि नरेंद्र मोदी कहते हैं कि अडानी-अंबानी टैम्पो में कांग्रेस को पैसे दे रहे हैं। यदि ऐसा है तो मोदी ने इसकी सीबीआई, ईडी आयकर विभाग से जांच शुरू क्यों नहीं कराई। देश में नरेंद्र मोदी की छवि नहीं बची है। उनकी झूठी छवि का गुब्बारा फट गया है। पूरा देश जानता है कि मौजूदा सरकार अडानी की है।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने आगे कहा कि भाजपा नेता कहते हैं कि वे संविधान और आरक्षण खत्म कर देंगे। वह भाजपा नेताओं से कहना चाहते हैं कि संविधान को दुनिया की कोई भी ताकत खत्म नहीं कर सकती है।राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र में इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर हर गरीब परिवार की एक महिला को सालाना एक लाख रुपये दिए जाएंगे। युवाओं को अप्रेंटिसशिप का अधिकार दिया जाएगा। इसमें युवाओं को प्रशिक्षण मिलेगा और साल में एक लाख रुपये दिए जाएंगे। केंद्र में खाली पड़े 30 लाख सरकारी पदों को भरा जाएगा। मनरेगा में 400 रुपये की दैनिक मजदूरी दी जाएगी। गरीबों को हर महीने पांच किलो की जगह दस किलो अनाज दिया जाएगा।इस दौरान भिवानी-महेन्द्रगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी राव दान सिंह के अलावा हरियाणा कांग्रेस प्रभारी दीपक बाबरिया, पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान, विधायक किरण चौधरी, पूर्व सांसद श्रुति चौधरी समेत अन्य वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments