अजीत सिन्हा की रिपोर्ट
नई दिल्ली:कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आंध्र प्रदेश को भाजपा की बी-टीम चलाती है। भाजपा की बी-टीम का मतलब बताते हुए उन्होंने कहा कि बी का मतलब बाबू, जे का मतलब जगन, पी का मतलब पवन है। इन तीनों का रिमोट कंट्रोल नरेंद्र मोदी के हाथ में है, क्योंकि मोदी के पास ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को आंध्र प्रदेश के कडप्पा में विशाल जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने वाईएसआर घाट पहुंचकर आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वाईएस राजशेखर रेड्डी को श्रद्धांजलि भी अर्पित की। जनसभा में उमड़े भारी जनसमूह के बीच कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि राजनीति में अलग-अलग तरीके के रिश्ते होते हैं, लेकिन कुछ पारिवारिक रिश्ते भी होते हैं। आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजशेखर रेड्डी जी और मेरे पिता राजीव गांधी जी एक दूसरे को भाई मानते थे।
ये रिश्ता वर्षों पुराना है। राजशेखर रेड्डी जी ने आंध्र प्रदेश के साथ ही पूरे देश को रास्ता दिखाया था। राजशेखर रेड्डी जी ने जैसी पदयात्रा की थी, भारत जोड़ो यात्रा के लिए वही मेरी प्रेरणा थी। राजशेखर रेड्डी जी ने मुझसे कहा था कि तुम्हें भारत की पदयात्रा करनी चाहिए। पिताजी के न रहने के बाद उन्होंने मेरा मार्गदर्शन भी किया था। उन्होंने कहा था कि जब हम पदयात्रा में जाते हैं, तभी हमें जनता की समस्या समझ आती हैं। राहुल गांधी ने कहा कि राजशेखर रेड्डी जी की राजनीति सामाजिक न्याय और जनता के कल्याण के लिए थी, जो आज यहां नहीं बची। आज आंध्र प्रदेश में बदले की राजनीति चल रही है। राजशेखर रेड्डी जी दिल्ली में आंध्र प्रदेश की आवाज थे। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि राजशेखर रेड्डी और कांग्रेस की विचार धारा कभी भाजपा के साथ नहीं हो सकती है। मगर जगन रेड्डी भाजपा के खिलाफ कुछ नहीं कह पा रहे हैं, क्योंकि उनके ऊपर भ्रष्टाचार के केस हैं। यही हालत चंद्रबाबू नायडू की है।राहुल गांधी ने कहा कि केंद्र की सरकार ने आंध्र प्रदेश की जनता से वादे किए थे, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं हुआ। वादे इसलिए पूरे नहीं हुए क्योंकि आंध्र प्रदेश की सरकार भाजपा के सामने सिर झुका देती है।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राज शेखर रेड्डी एक हैं। राजशेखर रेड्डी कांग्रेस में थे और कांग्रेस राजशेखर रेड्डी में थी। सीबीआई का जो मामला था, वो बिल्कुल गलत था। उसकी सच्चाई आज जनता के सामने है। कांग्रेस ने राजशेखर रेड्डी जी का नाम चार्जशीट में कभी नहीं डाला। ये नाम किसी और ने अपने फायदे के लिए डाला था। राहुल गांधी ने कहा कि 2024 में हमारी सरकार आ रही है और सरकार आते ही हम आंध्र प्रदेश से किए गए वादे पूरे करेंगे। हम आंध्र प्रदेश को 10 साल का स्पेशल स्टेटस देंगे। कोलावरम प्रोजेक्ट और कडप्पा स्टील प्लांट मिलेगा। हम इसकी 100 प्रतिशत गारंटी देते हैं। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश में विधानसभा का भी चुनाव है। प्रदेश की जनता से कांग्रेस का वादा है कि किसानों का दो लाख तक का कर्ज माफ होगा, केजी से पीजी तक शिक्षा मुफ्त मिलेगी, 2.25 खाली पदों को भरा जाएगा, गरीबों को घर बनाने के लिए पांच लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा कि जनता से कडप्पा लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार वाईएस शर्मिला को जिताने की अपील करते हुए कहा कि मैंने हिंदुस्तान के किसी भी क्षेत्र में जनता से वादा नहीं मांगा है। लेकिन आज मैं अपनी बहन शर्मिला जी के लिए वादा मांग रहा हूं। मैं आंध्र प्रदेश की जनता से कहना चाहता हूं कि आप शर्मिला जी को लोकसभा भेजें। मैं चाहता हूं कि आंध्र प्रदेश की जनता की आवाज शर्मिला जी के रूप में लोकसभा में गूंजे। राहुल गांधी ने कहा कि संविधान के लिए कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अपनी जान दी है। संविधान से ही हमें अधिकार मिले हैं। नरेंद्र मोदी संविधान को खत्म करना चाहते हैं, लेकिन दुनिया की कोई भी शक्ति इसे खत्म नहीं कर सकती है। इस दौरान उन्होंने लोकसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा किए गए वादे भी गिनाए।
Related posts
0
0
votes
Article Rating
Subscribe
Login
0 Comments
Oldest
Newest
Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments